Ranchi : विधानसभा का बजट सत्र बुधवार यानी 18 फरवरी से जारी है और आज इसका दूसरा दिन है। प्रश्नकाल की शुरुआत में विधायक सरयू राय ने सीधे मुद्दे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य की बाजार समितियों में कर्मचारियों की भारी कमी है। इस पर प्रभारी मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जवाब दिया कि अभी जितने कर्मचारी हैं, उतने ही काम चला सकते हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल कर्मचारियों से रेंटल वसूलने का काम लिया जा रहा है और अगर जरूरत पड़ी तो रिक्त पदों को भरा जाएगा।
सरयू राय ने फिर सरकार से पूछा कि क्या उन्हें बाजार समितियों की गंभीरता नहीं समझ आती। सरकार ने जवाब दिया कि ऐसा नहीं है और बाजार समितियों को बेहतर बनाने पर विचार किया जा रहा है।
लोकतंत्र की ताकत है सार्थक संवाद : स्पीकर महतो
विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने कहा था कि लोकतंत्र की ताकत सार्थक संवाद में छिपी है। उन्होंने कहा कि सदन में आलोचना, विमर्श और विचारों का आदान-प्रदान होना चाहिए, लेकिन साथ ही गरिमा और अनुशासन भी बनाए रखना जरूरी है। स्पीकर ने यह भी कहा कि झारखंड विधानसभा का बजट सत्र साल 2026 का बेहद महत्वपूर्ण सत्र है। बजट सत्र सिर्फ आय-व्यय का हिसाब नहीं होता, बल्कि यह राज्य की विकास यात्रा की दिशा तय करने वाला दस्तावेज भी है।
उन्होंने बताया कि सदस्यों को इस दौरान अनुदान मांगों पर चर्चा, कटौती प्रस्तावों पर समीक्षा, और नीतिगत सुझाव देने का पूरा मौका मिलेगा। बजट ही राज्य की भविष्य की प्राथमिकताएं और संसाधनों का न्यायसंगत वितरण तय करेगा।
बजट और अनुपूरक बजट की तारीखें तय
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सत्र 18 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगा और कुल 17 कार्य दिवस निर्धारित हैं। इस दौरान राज्य की नीतियों, योजनाओं और वित्तीय प्राथमिकताओं पर गहन चर्चा होगी। सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। वहीं, 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन में रखा जाएगा।
नगर निकाय चुनाव के चलते कार्यवाही में बदलाव
राज्य में जल्द ही नगर निकाय चुनाव होने वाले हैं और मतदान की तारीख 23 फरवरी तय है। इस वजह से उस दिन होने वाली सदन की कार्यवाही को 21 फरवरी कर दिया गया है।यह निर्णय कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें स्पीकर रबींद्रनाथ महतो, सीएम हेमंत सोरेन और अन्य समिति सदस्य शामिल थे।
Also Read : जनता के मन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी : डीजीपी

