Pakur (Mitthu Yadav) : असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए सहारा बन चुके व्यवसायी और समाजसेवी लुत्फल हक को एक बार फिर सम्मानित किया गया है। दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें सामाजिक कल्याण और विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अवार्ड दिया गया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में “विकसित भारत लीडरशिप समिट 2026” का आयोजन हुआ था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मौजूद थे।
समारोह के दौरान मंत्रियों ने लुत्फल हक को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि लुत्फल हक बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए काम करते हैं। खासतौर पर पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर गरीबों को निःस्वार्थ भाव से भोजन कराने जैसी पहल बेहद सराहनीय है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि “विकसित भारत समिट” का उद्देश्य 2047 तक देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाना है, और ऐसे समाजसेवी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
लुत्फल हक लंबे समय से जरूरतमंदों की मदद में आगे रहते हैं। उनके पास आने वाला कोई भी व्यक्ति खाली हाथ नहीं लौटता। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान खास है, जहां वे गरीब छात्रों को मुफ्त कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराते हैं और कई शिक्षण संस्थानों को आर्थिक सहयोग देते हैं। इसके अलावा वे पिछले तीन वर्षों से पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर रोजाना कम से कम 300 जरूरतमंदों को निःशुल्क रात्रि भोजन करा रहे हैं। गरीब बेटियों की शादी में मदद, कपड़ों का वितरण, हेलमेट बांटना, कोरोना काल में ऑक्सीजन और मास्क उपलब्ध कराना जैसे कई सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
गौरतलब है कि लुत्फल हक को उनके सामाजिक कार्यों के लिए देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता के अलावा लंदन, दुबई, सिंगापुर और मलेशिया में भी उन्हें सम्मान मिल चुका है।
Also Read : ED का बड़ा एक्शन : खूंटी मनरेगा घोटाले में 5 और आरोपी चार्जशीट में शामिल, करोड़ों की जमीन होगी जब्त


