Jamtara : हजारीबाग में 12 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दिल दहला देने वाली घटना को लेकर सोमवार को मिहिजाम में जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा के बैनर तले एकदिवसीय धरना दिया गया। इसके बाद उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई।
धरना में दिखा आक्रोश, न्याय की मांग तेज
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने की। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग इसमें शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में कहा कि ऐसी घटनाओं पर तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि अपराधियों में डर बने।
सरकार और पुलिस पर उठे सवाल
जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों को खुली छूट मिल गई है और आम लोग खासकर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी पुलिस की ओर से ठोस कदम नहीं उठाया जाना बेहद चिंताजनक है।

राज्यभर में चल रहा विरोध प्रदर्शन
पुष्पा सोरेन ने बताया कि हजारीबाग के विष्णुगढ़ में हुई इस घटना के खिलाफ पूरे झारखंड में महिला मोर्चा धरना प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
“मासूम भी सुरक्षित नहीं”
मिहिजाम नगर परिषद की अध्यक्षा जयश्री देवी ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि अब छोटी बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन की सुस्ती पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई जरूरी है।
घटना ने पूरे राज्य को झकझोरा
प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता झा ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि 24 मार्च की रात एक मासूम बच्ची को जुलूस के दौरान अगवा किया गया और उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे झारखंड को हिला कर रख दिया है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं आई है।
“कार्रवाई नहीं, तो बढ़ेगा आक्रोश”
जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या ने कहा कि यह घटना पूरे राज्य के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों का आक्रोश और बढ़ेगा।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन आभा आर्या ने किया। मौके पर भाजपा नेता कमल गुप्ता, लोकेश महतो, अनीता शर्मा, संजू देवी, गीता देवी, शुभम साव, सुभाष साव, सुनीता देवी, अर्चना गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read : ढाई साल बाद मिला इंसाफ, पत्नी के कातिल पति को उम्रकैद


