Palamu : पलामू पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हुसैनाबाद क्षेत्र से शराब की खेप बरामद की है। दंगवार ओपी इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक काले रंग की एक्सयूवी-500 से 100 बोतल अवैध देशी टनाका शराब जब्त की गई। इस दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक, हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला को 13 मई की रात सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर की एक एक्सयूवी-500 में शराब लोड कर दंगवार मार्ग के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में दंगवार ओपी चेक पोस्ट के पास विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने HR-26-BZ-0496 नंबर की एक्सयूवी-500 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से चार पेटी अवैध देशी टनाका शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 25-25 बोतल शराब रखी गई थी। इस तरह कुल 100 बोतल शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत सिंह, पिता रामाश्रय सिंह, निवासी बहेरा, थाना हुसैनाबाद, जिला पलामू के रूप में हुई है। इस मामले में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 103/26 के तहत संबंधित धाराओं और उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि बिहार सीमा से सटे इलाकों में शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए जांच और सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
Also Read : खूंटी पुलिस का डबल एक्शन : 231 किलो डोडा जब्त, देशी कट्टा के साथ आरोपी को दबोचा


