Johar Live Desk : अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी भारत में तीन दिन के ‘GOAT इंडिया’ टूर पर हैं। शनिवार को दौरे के पहले दिन उन्होंने कोलकाता और हैदराबाद में फैंस से मुलाकात की। आज यानी रविवार को वे मुंबई में दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान सुनील छेत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वानखेड़े स्टेडियम में कई बड़े सेलिब्रिटीज के पहुंचने की भी संभावना है।
शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे लियोनल मेसी कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान भी मौजूद रहे। इसके बाद मेसी सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्हें करीब एक घंटे रुकना था, लेकिन वे केवल 22 मिनट बाद ही वहां से निकल गए। इससे नाराज फैंस ने स्टेडियम में कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी, जिससे तोड़फोड़ और भगदड़ जैसे हालात बन गए।
मेसी दोपहर करीब 2 बजे कोलकाता से रवाना हुए और शाम करीब 5 बजे हैदराबाद पहुंचे। रात 8 बजे वे उप्पल स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों रोड्रिगो डी पॉल और लुईस सुआरेज के साथ दर्शकों की ओर फुटबॉल फेंकी। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी लियोनल मेसी से मुलाकात की।
Also Read : रिकॉर्ड बदलने उतरेगा भारत, अंडर-19 एशिया कप में आज पाकिस्तान से भिड़ंत

