New Delhi : अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी इन दिनों भारत दौरे पर हैं। उनका यह दौरा शनिवार को कोलकाता से शुरू हुआ था। उसी दिन शाम को वे हैदराबाद पहुंचे। रविवार को मेसी मुंबई में रहे, जहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अब सोमवार को वे अपने भारत दौरे के आखिरी पड़ाव में दिल्ली पहुंचेंगे।
मेसी सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। यहां वे एक होटल में करीब 50 मिनट तक मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे पीएम नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास जाएंगे, जहां दोनों के बीच लगभग 20 मिनट तक मुलाकात और बातचीत होगी। पीएम से मिलने के बाद मेसी एक सांसद के आवास पर जाएंगे। यहां उनकी मुलाकात भारत के मुख्य न्यायाधीश, सेना प्रमुख और अर्जेंटीना के भारत में राजदूत से होने की संभावना है। इस कार्यक्रम में कुछ वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं।
दिल्ली में अपने कार्यक्रमों के दौरान मेसी फिरोजशाह कोटला स्टेडियम भी जाएंगे। वहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। स्टेडियम में वे भारतीय खेल जगत की कुछ जानी-मानी हस्तियों से मुलाकात करेंगे। साथ ही एक छोटे फुटबॉल मैदान पर चल रहे कार्यक्रम में खिलाड़ियों का अभिवादन करेंगे और उनके साथ समूह फोटो भी खिंचवाएंगे।


