Patna : बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस पद पर नियुक्ति के बाद नितिन नबीन पहली बार पटना के महावीर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।महावीर मंदिर में पूजा के बाद नितिन नबीन ने कहा कि यह सब हनुमान जी और भगवान राम की कृपा से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि राम जी की कृपा हमेशा उन पर बनी रही है। इस मौके पर उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, विधायक संजय गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
दिल्ली दौरे पर जाएंगे नितिन नबीन
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन पहली बार दिल्ली जा रहे हैं। वे सोमवार सुबह 10 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर पहुंचेंगे। दिल्ली पहुंचने पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। दिल्ली दौरे के दौरान नितिन नबीन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात हो सकती है।
पूर्वी भारत से पहले कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष
नितिन नबीन बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत से बीजेपी के पहले नेता हैं, जिन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी में उन्हें मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भविष्य में वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं।
नियुक्ति पत्र जारी
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को नितिन नबीन की नियुक्ति का पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। नियुक्ति के बाद नितिन नबीन के पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। पार्टी कार्यालय ‘नितिन नबीन जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
पांच बार विधायक रह चुके हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था। साल 2021 में वे नीतीश कुमार सरकार में मंत्री बने। वर्तमान में उनके पास पथ निर्माण और नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी है।
Also Read : नितिन नबीन बने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष


