Patna : दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में लैंड फॉर जॉब मामले में आज फैसला आने की संभावना है। यह दिन लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इस केस में आरोप तय किए जाने को लेकर अदालत में सुनवाई चल रही है।
अब तक की सुनवाई में यह बात सामने आई कि इस मामले के कुछ आरोपियों की मौत हो चुकी है। इसी कारण कोर्ट ने CBI को निर्देश दिया कि वह मृत आरोपियों की जानकारी का एक स्टेटस रिपोर्ट पेश करे। इस वजह से अदालत अब तक तीन बार फैसला टाल चुकी है। इससे पहले 10 नवंबर और 4 दिसंबर को भी फैसला टल गया था। कोर्ट ने 25 अगस्त को आरोप तय करने पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इससे पहले 18 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगाने से भी इनकार कर दिया था।
CBI ने इस मामले में 7 अक्टूबर 2022 को लालू यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती सहित 16 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद 7 जून 2024 को अंतिम चार्जशीट पेश की गई, जिसमें कुल 78 आरोपियों को शामिल किया गया। इनमें वे 38 लोग भी हैं जिन्हें रेलवे में नौकरी मिली थी।
CBI के अनुसार यह मामला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे। आरोप है कि रेलवे के पश्चिम मध्य क्षेत्र में ग्रुप-डी की नौकरियों के बदले नौकरी पाने वाले उम्मीदवारों या उनके परिवार वालों से लालू यादव के परिवार या उनके करीबियों के नाम जमीन लिखवाई गई थी। इसी कथित जमीन के बदले नौकरी देने के मामले को ‘लैंड फॉर जॉब’ घोटाला कहा जा रहा है।


