Lohardaga : लोहरदगा में कोयल नदी पर बने रेलवे पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण रांची से लोहरदगा के बीच ट्रेन सेवा पूरी तरह ठप हो गई है। मंगलवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने तकनीकी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर पुल की स्थिति का निरीक्षण किया।
रेलवे की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट कर दिया गया है कि मार्च के अंत तक इस रूट पर एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों का परिचालन शुरू नहीं हो पाएगा। इससे यात्रियों को कुछ समय तक वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुल के पिलर संख्या 5 की मरम्मत पहले की जाएगी, इसके बाद पिलर 6 और 7 को ठीक किया जाएगा। 15 फरवरी तक सॉइल टेस्टिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। रेलवे का लक्ष्य है कि मार्च के आखिरी सप्ताह तक किसी भी तरह से ट्रेन सेवा बहाल की जा सके। पुल की पूरी मरम्मत मई 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है। साथ ही भविष्य में कोयल नदी पर नए रेलवे पुल के निर्माण पर भी विचार किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मेमू पैसेंजर ट्रेन अब लोहरदगा स्टेशन के बजाय इरगांव हॉल्ट तक ही चलेगी, जो लोहरदगा से लगभग 7 किलोमीटर दूर है। लोहरदगा से इरगांव तक यात्रियों के लिए बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा लोहरदगा से टोरी के लिए कनेक्टिंग ट्रेन की व्यवस्था भी की जाएगी।
रेलवे के अनुसार नदी से लगातार बालू उठाव और कटाव के कारण पुल के पिलर कमजोर हो गए हैं। मरम्मत कार्य के लिए कई टीमें दिन-रात काम करेंगी। पिलर संख्या 4, 5, 6 और 7 को जैकेटिंग और पाइलिंग तकनीक से मजबूत किया जाएगा। अस्थायी तौर पर स्टील गार्डर लगाकर ट्रेन परिचालन शुरू करने की कोशिश की जाएगी।


