हजारीबाग. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार, 4 नवंबर को हजारीबाग में दो अलग-अलग टीमों के साथ छापेमारी की. एजेंसी की टीम ने शहर के हरहुरू इलाके में शहीद सुभाष बारला मार्ग स्थित बाबा पथ में दो रिश्तेदारों के घरों की तलाशी ली. ये मकान उदय साव और प्रदीप साव के बताए जा रहे हैं. दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं.
NIA की दो टीमें बुधवार तड़के करीब 4 बजे दोनों ठिकानों पर पहुंची थीं. एक टीम ने उदय साव और प्रदीप साव के घर पर तलाशी शुरू की, जबकि दूसरी टीम मकानों के पीछे स्थित मैदान की ओर से एक अन्य रिश्तेदार के घर पहुंची. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. अधिकारियों के साथ हथियारबंद सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे.
तलाशी के दौरान NIA की टीम एक व्यक्ति को अपने साथ ले गई है. हालांकि, उसे गिरफ्तार किया गया है या पूछताछ के लिए ले जाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. एक मकान में तलाशी पूरी होने के बाद टीम वहां से निकल गई, जबकि दूसरे घर में दस्तावेजों और अन्य कागजात की जांच जारी रही.
मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फंडिंग के संभावित कनेक्शन की जांच
NIA की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फंडिंग से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच के सिलसिले में की जा रही है. बताया जा रहा है कि संबंधित परिवार के सदस्य पहले ट्रांसपोर्टिंग कारोबार से जुड़े रहे हैं. उनके पूर्वजों के बिहार में कत्था कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है.
Also Read : झारखंड : 32,582 सरकारी स्कूलों में लगेंगे नए बायोमेट्रिक डिवाइस, फर्जी हाजिरी पर लगेगी लगाम


