Koderma : कोडरमा जिले के थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तिलैया-जयनगर मुख्य मार्ग स्थित लाराबाद के पास एक ढाबे के पीछे खेत में 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में खुदाई हुई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गरहाई निवासी रामजी यादव (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बालू गाड़ियों में मजदूरी का काम करते थे।
खेत में बेसुध पड़े थे, पास जाकर देखा तो हो चुकी थी मौत
जानकारी के मुताबिक, पिपराडीह गांव के कुछ लोग सुबह टहलने के लिए खेत की तरफ गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में एक व्यक्ति पर पड़ी, जो बेसुध हालत में पड़ा था। पहले लोगों को लगा कि शायद व्यक्ति बीमार है या बेहोश है, लेकिन पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई, जिसके बाद परिवार में मातम का माहौल है।
जहरीला पदार्थ मिलने से बढ़ी आत्महत्या की आशंका
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से मृतक के कुछ सामान के साथ एक जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ है। इसके बाद लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि शायद रामजी यादव ने जहर खाकर आत्महत्या की हो। हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और हर एंगल से जांच कर रही है। कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है। मृतक के परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
