Johar Live Desk : नेपाल की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। काठमांडू महानगरपालिका के मेयर बलेंद्र शाह, जिन्हें बालेन के नाम से जाना जाता है, को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। यह फैसला राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के साथ हुए एक समझौते के बाद लिया गया है। दोनों पक्ष 5 मार्च को होने वाले नेपाल चुनाव में साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
रात भर चली बातचीत के बाद सात सूत्रीय समझौता हुआ, जिसके तहत 35 वर्षीय बालेन शाह को संसदीय दल का नेता और पीएम पद का चेहरा बनाया गया है। वहीं, रवि लामिछाने RSP के अध्यक्ष बने रहेंगे। समझौते के अनुसार बालेन और उनकी टीम RSP के चुनाव चिन्ह ‘घंटी’ पर चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही बालेन की टीम का RSP में विलय होगा, लेकिन पार्टी का नाम, झंडा और चुनाव चिन्ह पहले जैसे ही रहेंगे।
समझौते के बाद रवि लामिछाने ने कहा कि यह फैसला व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर देश की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने यह बात सोशल मीडिया के जरिए साझा की। दोनों पक्षों ने भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ युवाओं के आंदोलन की जिम्मेदारी लेने और प्रदर्शनकारियों की मांगों को पूरा करने की प्रतिबद्धता भी जताई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह समझौता उभरते युवा नेतृत्व को एकजुट करने की दिशा में अहम कदम है। इसी तरह के युवा आंदोलनों के चलते पहले केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी।
इस समझौते के बाद बड़ी संख्या में युवा समर्थकों के RSP से जुड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, ऊर्जा मंत्री कुलमान घिसिंग की अगुवाई वाली उज्यालो नेपाल पार्टी के इस गठबंधन में शामिल होने को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
Also Read : पुंदाग IIM पुल के पास 33 KV केबल में आग, कई इलाकों में बिजली गुल


