Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी की ओर से प्रेस वार्ता की गई। इस दौरान पार्टी नेताओं ने अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी और वीरेंद्र मंडल पर सरकार को बदनाम करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
“लोकप्रियता से घबराकर दे रहे बेतुके बयान”
जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने साफ कहा कि जिला प्रशासन चुनाव को लेकर बेहतर तरीके से काम कर रहा है। लेकिन विरोधी प्रत्याशी हमारी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में हो रहा है और प्रशासन पूरी तरह निष्पक्ष है।
“चुनाव कराना आयोग की जिम्मेदारी”
जिला सचिव परेश चंद्र महतो ने कहा कि वे जामताड़ा जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने भयमुक्त वातावरण में चुनाव कराने की व्यवस्था की है। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव संपन्न कराना पूरी तरह से चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, इसमें राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं होती। इसके बावजूद सरकार को बदनाम करना और प्रशासन पर आरोप लगाना गिरते जनाधार का नतीजा है।
“हार के डर से बौखलाए हैं विरोधी”
प्रेस वार्ता में मौजूद झामुमो समर्थित प्रत्याशी और पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की पत्नी चमेली देवी ने कहा कि जीत-हार का फैसला जनता करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी और उनके भाई वीरेंद्र मंडल हार के डर से बौखला गए हैं। यही वजह है कि वे प्रशासन से उलझ रहे हैं और सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
जारी किया गया चुनावी घोषणा पत्र
इस मौके पर प्रत्याशी की ओर से चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया गया। इसमें शहर के विकास को लेकर भविष्य की रूपरेखा बताई गई। सड़क, सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का वादा किया गया।
कई नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने एक सुर में कहा कि चुनाव निष्पक्ष माहौल में हो रहा है और जनता सब देख रही है।
Also Read : जामताड़ा में चुनावी माहौल गरम, दो प्रत्याशियों पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज


