सिमडेगा: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में फाइनल फुल ड्रेस परेड रिहर्सल हुआ. उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने स्टेडियम पहुंचकर रिहर्सल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया.
रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि के आगमन, जनरल सैल्यूट, राष्ट्रीय गीत, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड सलामी, मार्च पास्ट, बैंड डिस्प्ले और पारितोषिक वितरण समेत समारोह के विभिन्न चरणों का अभ्यास कराया गया. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से होगा.
इस वर्ष परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की कुल 11 प्लाटून शामिल होंगी. इस वर्ष से ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत और ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान होगा.
समारोह में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कुरडेग की छात्राओं का बैंड प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा. वहीं 14 अगस्त की शाम नगर भवन में स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा.
रिहर्सल के बाद उपायुक्त और एसपी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने सभी तैयारियां, साज-सज्जा और विधि-व्यवस्था समय पर पूरा करने तथा समारोह को गरिमापूर्ण और प्रभावी बनाने पर जोर दिया.
मौके पर उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ सुमन्त तिर्की, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान, डीएसपी रणवीर सिंह, नजारत उप समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, एलआरडीसी अरुणा कुमारी, उपनिदेशक जनसंपर्क पलटु महतो समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


