Ranchi : झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। बोकारो में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 6.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद डालटनगंज में 5.6 डिग्री और चाईबासा में 5.5 डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड की गई।
चार जिलों में 5 डिग्री से नीचे तापमान
रांची के मैक्लुस्कीगंज में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, शुक्रवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में दर्ज किया गया। राज्य के चार जिलों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
कोहरे से घटा विजिबिलिटी
ठंड के साथ-साथ कोहरे का भी असर देखने को मिला। शनिवार को सबसे कम विजिबिलिटी देवघर जिले में 700 मीटर दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में पिछले एक सप्ताह से हो रही बर्फबारी के कारण वहां तापमान शून्य से नीचे चला गया है। इसी कारण ठंडी हवाओं का असर अब झारखंड में भी महसूस किया जा रहा है।
सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
आगे का मौसम
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 13 जनवरी से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
Also Read : खनन घोटाले में CBI की बड़ी कार्रवाई, दाहू यादव के घर पर मा’रा छापा


