रांची: रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर की सुबह अगवा किए गए चार वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ से बरामद किया गया.
पुलिस के अनुसार, घटना के समय बच्चे की मां उसके पास मौजूद नहीं थी. इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी.
तकनीकी जांच और खुफिया सूचना से मिला सुराग
रांची पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय खुफिया तंत्र के जरिए मामले में सुराग जुटाए. इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की गई.
26 सितंबर की रात मिले मुख्य सुराग के आधार पर पुलिस ने धनबाद पुलिस के सहयोग से एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया. इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ में छापेमारी की गई, जहां चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
धनबाद से तीनपहाड़ तक चला अभियान
पुलिस ने बताया कि बच्चे को तीनपहाड़ से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस अब अपहरण के पीछे की वजह और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.
कार्रवाई में धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के साथ संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक का सहयोग रहा. रांची पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग जिलों की पुलिस के बीच समन्वय से अभियान को अंजाम दिया गया.
Also Read : डायन के नाम पर हिंसा : सितंबर में फिर तीन घटनाएं, 12 साल में 269 मौतों का रिकॉर्ड

