कोडरमा: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों सन्नी कुमार, अतुल कुमार और अमन राज को गिरफ्तार किया है. वहीं, चौथे अपराधी प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा को पुलिस पर फायरिंग करने के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दाहिने पैर में गोली लगी है. उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
बैंक लूट की साजिश में जुटे थे अपराधी, मोबाइल में मिली रेकी की वीडियो
पुलिस के अनुसार, चारों अपराधी बैंक ऑफ महाराष्ट्र, कोडरमा में लूट की घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से कोडरमा में एकत्रित हुए थे. इस संबंध में हजारीबाग पुलिस को इनपुट मिला था, जिसे कोडरमा पुलिस के साथ साझा किया गया. इनपुट का सत्यापन करने के बाद एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया.
इसी दौरान चौथे आरोपी प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया. पुलिस के अनुसार, उसने पांच राउंड फायर किए. इसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया.
तीन पिस्तौल, पांच मैगजीन और 15 गोलियां बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल, पांच मैगजीन और 15 राउंड गोलियां बरामद की हैं. आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की रेकी किए जाने से संबंधित वीडियो भी मिले हैं. पुलिस अब इन वीडियो और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूट की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है.
मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : Joharlive Breaking : जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते से सीआईडी ने की 48 घंटे तक पूछताछ


