गुमला/डुमरी : झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. डुमरी थाना क्षेत्र के अकासी और जयरागी गांव के आसपास JJMP के उग्रवादियों के घूमने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान JJMP के सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया.
सुरक्षा बलों के मुताबिक, रामदेव लोहरा JJMP का सब-जोनल कमांडर है और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था. सूचना के सत्यापन के बाद ऑपरेशन टीम ने इलाके में कार्रवाई करते हुए रामदेव लोहरा समेत तीन अन्य दस्ता सदस्यों को पकड़ा.
कौन-कौन गिरफ्तार हुआ
गिरफ्तार आरोपियों में रामदेव लोहरा, पिता बालमुकुंद लोहरा, निवासी बिंगड़ा, थाना लातेहार, जिला लातेहार शामिल है. वह JJMP का सब-जोनल कमांडर बताया गया है और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम था. दूसरा आरोपी अरविंद नायक, पिता सहदेव नायक, निवासी कोने, थाना लातेहार, जिला लातेहार है. वह JJMP का एरिया कमांडर बताया गया है.
तीसरे आरोपी की पहचान मुनेश्वर सिंह, पिता सोहराय सिंह, निवासी किता मक्का, थाना जोबांग, जिला लोहरदगा के रूप में हुई है. वह JJMP का सदस्य बताया गया है. चौथे आरोपी जितेंद्र लोहरा, निवासी उजरा, थाना डुमरी, जिला गुमला को भी गिरफ्तार किया गया है.
AK-56, SLR और गोलियां बरामद
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने आरोपियों के पास से हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं. बरामदगी में एक AK-56 राइफल और मैगजीन, एक SLR राइफल और मैगजीन तथा एक सेमी-ऑटोमैटिक राइफल शामिल है. इसके अलावा AK-47, SLR और सेमी-ऑटोमैटिक राइफल के लिए इस्तेमाल होने वाले जिंदा कारतूस और अन्य गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं.

सुरक्षा बलों को एक वॉकी-टॉकी, आठ मोबाइल फोन और एक वाई-फाई डोंगल भी मिला है. इसके साथ ही प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे भी बरामद किए गए हैं. सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को इलाके में सक्रिय JJMP नेटवर्क के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.



