Ranchi : झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार यानी 5 दिसंबर से शुरू होगा। इसके मद्देनजर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने गुरुवार को सभी दलों के विधायक दल के नेताओं और प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई। यह बैठक दोपहर 1 बजे स्पीकर के कार्यालय कक्ष में होगी। बैठक में सीएम हेमंत सोरेन, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत सभी दलों के नेता और प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक के बाद दोपहर 2.30 बजे झारखंड विधानसभा के पत्रकार दीर्घा समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
सत्र से पूर्व बुधवार को स्पीकर ने विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सदस्यों द्वारा पूछे गए शून्यकाल और स्वीकृत ध्यानाकर्षण सूचनाओं के उत्तर समय पर देने का निर्देश दिया। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री, मुख्य सचिव, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और रांची जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए।
सत्र के मद्देनजर विधानसभा भवन के 750 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। आदेश पांच दिसंबर की सुबह 8 बजे से 11 दिसंबर की रात तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत किसी भी प्रकार के जुलूस, रैली, धरना, प्रदर्शन, घेराव या आमसभा पर प्रतिबंध रहेगा। निषेधाज्ञा के दौरान पांच या उससे अधिक लोग एक स्थान पर इकट्ठा नहीं हो सकेंगे और किसी प्रकार के हथियार या ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग भी प्रतिबंधित रहेगा।
Also Read : रांची के जगन्नाथपुर तालाब में श’व मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

