अंतरराज्जीय बैंक डकैत जब्बार दुमका से गिरफ्तार, हथियार व गोली बरामद, पांच राज्यों में कर चुका है डकैती

Joharlive Team

दुमका। अंतरराज्जीय बैंक डकैत माधव दास गिरोह का सक्रिय सदस्य नसीम खान उर्फ जब्बार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दुमका पुलिस ने कुख्यात अपराधी जब्बार को पोसारो पुल के पास से संदिग्ध हालत में पकड़ा है। गिरफ्तार जब्बार के पास से पुलिस ने एक हथियार व गोली बरामद किया है। गिरफ्तार बैंक डकैत जब्बार हजारीबाग के बरही थाना अंतर्गत शादी मोहल्ला का रहने वाला है। वर्तमान में वह हरियाणा के गुड़गांव में ज्योति पार्क के पास रहता है। उक्त जानकारी दुमका एसपी वाई एस रमेश ने प्रेसवार्ता में पत्रकारों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार जब्बार का मुख्य धंधा बैंक डकैती करना है। वर्ष 2018 दिसंबर में पंजाब नेशनल बैंक, दुमका में हुए डकैती में अपनी संलिप्ता को भी स्वीकार किया है। छापेमारी टीम में डीएसपी पूज्य प्रकाश, मुफ्फिसिल थाना के इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह, दुमका नगर थाना के इंस्पेक्टर देवब्रत पोद्दार, हंसडीहा थाना प्रभारी अमित लकड़ा, दारोगा राजेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

अब तक तीन करोड़ लूट चुका है बैंक व बस डकैती में
दुमका एसपी ने कहा कि गिरफ्तार कुख्यात बैंक डकैती जब्बार समेत गिरोह के अन्य सदस्य डेढ़ दर्जन से ज्यादा घटना को अंजाम दे चुका है। गिरोह के सदस्यों द्वारा अब तक तीन करोड़ से ज्यादा की रकम डकैती किया गया है। हालांकि, अभी तक कई मामलों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अन्य मामलों के बारे में जानकारी एकत्रित कर रही है।

पहली बार जीजा(बहनोई) के कहने पर डकैती किया था बस में
गिरफ्तार कुख्यात बैंक डकैत जब्बार ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है कि पहली बार वर्ष 2004 में बस डकैती की घटना को अंजाम दिया था। यह डकैती अपनी छोटी बहन के पति सराफत अंसारी के कहने पर किया था। बस धनबाद से औरंगाबाद जा रही थी। जिसको बरही के पास डकैती किया गया था। पहली बार बस डकैती में पांच हजार रुपया हिस्सा भी मिला था।