झारखंड में Heat Wave का येलो अलर्ट, पांच मई से बदलेगा मौसम

रांची: झारखंड में बीते दो दिनों में राज्य के सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा है. हालांकि, पिछले 24 घंटों में रांची, जमशेदपुर और डालटेनगंज में तापमान में थोड़ी गिरावट आई है. मौसम विभाग के अनुसार 2-3 दिनों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. 2-3 दिनों बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरने की संभावना है. वहीं राज्य के सरायकेला, बहरागोड़ा, गोड्डा, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, साहिबगंज और पलामू के लोग सबसे ज्यादा गर्मी से प्रभावित है. इनमें से सरायकेला, गोड्डा, पश्चिमी सिंहभूम और पाकुड़ जिलों में हीटवेव की चपेट में हैं. वहीं बात करें बहरागोड़ा, बोकारो, देवघर और जामताड़ा में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है.

पिछले 24 घंटे में रांची में अधिकतम तापमान 0.4°C, जमशेदपुर में 1.2°C और डालटेनगंज में 2.8°C गिरा है. वहीं रांची में न्यूनतम तापमान में 1.1°C की गिरावट, जमशेदपुर में 0.8°C की बढ़ोतरी और डालटेनगंज में 3.3°C की कमी दर्ज की गई.

हीटवेव अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं आने वाले दो दिनों  पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.

4 मई को संताल परगना के गोड्डा और पाकुड़ को छोड़कर बाकी जिलों में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है, लेकिन कोल्हान प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में हीटवेव का रहने का अनुमान है. 5 मई को भी इन जिलों में कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.