Johar Live Desk : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भरोसा दिया है कि 10 फरवरी 2026 के बाद उसकी कोई भी उड़ान रद्द नहीं होगी। एयरलाइन का कहना है कि नए और सख्त फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) नियमों के तहत परिचालन के लिए उसके पास पर्याप्त पायलट और क्रू उपलब्ध हैं, जिससे उड़ानों के संचालन में किसी भी तरह की बाधा नहीं आएगी।
पर्याप्त पायलटों का दावा
इंडिगो ने डीजीसीए को जानकारी दी कि 10 फरवरी तक उसे कुल 4,330 पायलटों की आवश्यकता होगी, जबकि उसके पास 4,640 पायलट उपलब्ध रहेंगे। इसमें 2,400 कमांड पायलट (पीआईसी) हैं, जबकि आवश्यकता 2,280 की है। वहीं, फर्स्ट ऑफिसर या को-पायलटों की संख्या 2,240 है, जबकि जरूरत 2,050 की बताई गई है। इससे पता चलता है कि परिचालन की आवश्यकताओं के मुकाबले पायलटों की उपलब्धता पर्याप्त है।
10 फरवरी के बाद परिचालन रहेगा स्थिर
डीजीसीए ने स्पष्ट किया कि 10 फरवरी के बाद इंडिगो को बिना किसी छूट के नए एफडीटीएल नियमों का पालन करना होगा। नियामक ने कहा कि इस तारीख के बाद एयरलाइन का परिचालन स्थिर रहेगा और यात्रियों को उड़ान रद्द होने जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
दिसंबर में हुई थी उड़ानों में भारी गड़बड़ी
बता दें, दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुई थीं या काफी देर से संचालित की गई थीं। 3 से 5 दिसंबर के बीच 2,507 उड़ानें रद्द हुईं और 1,852 उड़ानें विलंब से चलीं। इससे देशभर के हवाई अड्डों पर तीन लाख से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस मामले में डीजीसीए ने एयरलाइन पर 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
जांच में यह पाया गया कि क्रू मैनेजमेंट की गड़बड़ियां, नियामक तैयारी की कमी, सिस्टम सॉफ्टवेयर की खामियां और ऑपरेशनल कंट्रोल में कमजोरियां उड़ानों के रद्द होने के मुख्य कारण थे। इसके बाद इंडिगो को अपने सिस्टम और संचालन में सुधार के निर्देश दिए गए थे।
सुधारात्मक कदमों से बढ़ा भरोसा
नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए का कहना है कि पिछले महीने की गड़बड़ियों के बाद इंडिगो ने अपनी सेवाओं में सुधार किया है। लगातार निगरानी और सुधारात्मक कदमों के चलते परिचालन में स्थिरता आई है और सेवा की विश्वसनीयता बेहतर हुई है।
डीजीसीए की निगरानी जारी
डीजीसीए ने बताया कि इंडिगो नियमित रूप से साप्ताहिक और पाक्षिक रिपोर्ट सौंप रही है। अब तक एयरलाइन की ओर से चार साप्ताहिक और तीन पाक्षिक रिपोर्ट दी जा चुकी हैं। डीजीसीए के हर साप्ताहिक बैठक में इंडिगो के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। नियामक ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया है और यात्रियों को सुरक्षित व भरोसेमंद हवाई सेवा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी जारी रहेगी।
Also Read : पलामू में रेल यात्रियों को मिली नई सुविधा… जानें क्या


