इंडिया यूथ गेम्स: झारखंड बालिका हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता

सिमडेगा: इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया गया. इस गेम्स में झारखंड बालिका हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता है. इस टीम में सिमडेगा 9 खिलाड़ी निशा मिंज, रोपनी कुमारी, दीप्ति कुल्लू, एलीन डुंगडुंग, निक्की कुल्लू, रजनी केरकेट्टा, प्रमोदनी लकड़ा, नीरू कुल्लू, निराली कुजुर के साथ साथ मैनेजर तारिणी कुमारी शामिल थी. इस विजेता खिलाड़ियों को सिमडेगा हॉकी की ओर से सम्मानित किया जाएगा.

झारखंड बालिका फुटबॉल टीम ने इस गेम्स में रजत पदक प्राप्त किया है. इस टीम में भी सिमडेगा के तीन खिलाड़ी अंजनी कुमारी, विकसित बाड़ा और अल्फा कांडुलना शामिल थीं. इसके अलावा झारखंड कुश्ती टीम में सिमडेगा की पहलवान अंशु लकड़ा थी, जिसने बेहतरीन कुश्ती लड़ी और चौथे स्थान पर रहीं. इसके साथ ही झारखंड बालक हॉकी टीम में सिमडेगा के आठ खिलाड़ी संदीप टोप्पो, विनीत टोप्पो, प्रेम केरकेट्टा, शेत टोपनो, विल्सन लकड़ा, निर्मेष तिर्की, दीपक सोरेंग और नवीन केरकेट्टा शामिल थे.

झारखंड के लिए कांस्य पदक जीतने वाली झारखंड बालिका हॉकी टीम में सिमडेगा के सभी खिलाड़ियों और रजत पदक विजेता झारखंड बालिका फुटबॉल टीम में सिमडेगा के तीनों खिलाड़ियों और पहलवान अंशु लकड़ा को हॉकी सिमडेगा की ओर से सम्मानित किया जाएगा.

हॉकी इंडिया की ओर से इस वर्ष आयोजित राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2022 में सब जूनियर पुरुष में उपविजेता रही झारखंड टीम में सिमडेगा के 16 खिलाड़ी, सब जूनियर महिला में उपविजेता रही झारखंड महिला टीम में सिमडेगा के 10 खिलाड़ी, उपविजेता झारखंड जूनियर महिला टीम में सिमडेगा के 15 खिलाड़ी, कांस्य पदक विजेता सीनियर झारखंड महिला टीम में सिमडेगा के 12 खिलाड़ी, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कांस्य पदक विजेता रांची यूनिवर्सिटी टीम में सिमडेगा के 13 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा.