जोहार लाइव ब्यूरो
रांची. झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर रविवार को राज्यभर में स्वच्छता का संदेश देने के लिए ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन किया गया. रांची सहित राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर झारखंड बनाने का संकल्प लिया गया. रांची में मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ आयोजित हुई. इसे मंत्री राधाकृष्ण किशोर, संजय प्रसाद यादव, योगेंद्र प्रसाद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सीपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है. स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ और सुंदर झारखंड का निर्माण किया जा सकता है.
चडरी तालाब छठ घाट पर किया श्रमदान
दौड़ के साथ ही चडरी तालाब स्थित छठ घाट पर सफाई अभियान भी चलाया गया. इसमें मंत्रियों और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने खुद श्रमदान किया. उन्होंने लोगों से तालाबों, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जलस्रोत प्राकृतिक धरोहर हैं और इन्हें प्रदूषण से बचाना सामूहिक जिम्मेदारी है.
पुरुष और महिला वर्ग में इन्हें मिला स्थान
दौड़ के समापन के बाद पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया. पुरुष वर्ग में कुंदन महतो ने प्रथम, विवेकानंद ने द्वितीय और विमल उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं महिला वर्ग में पूजा सिंह प्रथम, ममता कुमारी द्वितीय और सावित्री कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.





