जोहार लाइव ब्यूरो
जेपीएससी-14 के साथ-साथ जेपीएससी 11-13 भी सवालों के घेरे में पहले दिन से है. झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2023 यानी 11वीं-13वीं JPSC के प्रारंभिक परीक्षा में 3,62,621 छात्रों ने हिस्सा लिया था. इसके बाद साक्षात्कार 10 जून 2025 से लेकर 23 जून 2025 तक हुए. कुल 342 रिक्तियों के लिए हुई इस परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम में 7,011 अभ्यर्थियों को सफलता मिली. वहीं मुख्य परीक्षा में 864 उत्तीर्ण हुए तथा अंततः 342 अभ्यर्थी चयनित किए गए.
ध्यान देनेवाली बात ये है कि इसके प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के अंतिम परिणाम जारी करने का जिम्मा आईटीआई के पास था, लेकिन सीआईडी जांच में यह निकल कर आया है कि आईटीआई की आड़ में टीडीपीएल कंपनी ही काम कर रही थी. यानी परीक्षा आयोजित कराने का ऑन पेपर जिम्मा आईटीआई के पास था, लेकिन पर्दे के पीछे से सारा खेल टीडीपीएल ही कर रही थी.
मुख्य परीक्षा के लिए डेटा प्रोसेसिंग एवं मेधा सूची को सीधे तौर पर टीडीपीएल ने ही जारी किया था. बता दें, इस एजेंसी को मई 2025 में JSSC ने तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया था. इसके बावजूद उसे परीक्षा संबंधी काम दिए गए थे.
गिरफ्तार अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार कुछ चयनित अभ्यर्थी साक्षात्कार में हेरफेर (“मैनेज”) कर सफल हुए हैं. हालांकि सीआईडी इस बिंदु पर और अनुसंधान कर रही है.
फरार एजेंट (जिसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट प्राप्त) के आवास से एक चयनित अभ्यर्थी का ब्लैंक चेक बरामद हुआ है. इसके अलावा CDR एवं वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण से चयनित अभ्यर्थियों, JPSC कर्मियों और गिरफ्तार हो चुके या फिर जिनके उपर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है, जो वांछित हैं, उनके बीच संबंध उजागर हुए हैं.
परीक्षा संचालन में कार्यरत टीडीपीएल एजेंसी से जुड़े एजेंट कृष्ण कुमार को घोटाले की पूरी प्रक्रिया में संलिप्त पाया गया. जिसके बाद मिले साक्ष्य के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया. सीआईडी के मुताबिक परीक्षा में सफल अनेक अभ्यर्थियों के विरुद्ध अनुचित लाभ उठाकर सेटिंग के माध्यम से सफल होकर नियुक्ति पाने का साक्ष्य पाया गया है.
इस परीक्षा के संदर्भ में भी ध्यान देनेवाली अत्यंत महत्वपूर्ण बात ये है कि जेपीएससी 11-13 के लिए साक्षात्कार दिनांक 10.06.2025 से 23.06.2025 तक, अर्थात् TDPL के नामांकन (06.06.2025) के ठीक बाद, उन्हीं के प्रभार में संपन्न हुए तथा मुख्य परीक्षा की डेटा प्रोसेसिंग एवं मेधा सूची का कार्य TDPL को ही प्राप्त हुआ. यहीं नहीं, इस परीक्षा के चयनित अभ्यर्थी योगदान भी दे चुके हैं.
जाहिर है एक तरफ 342 चयनित छात्र, जो नौकरी कर रहे हैं, उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है, उनकी नौकरी सवालों के घेरे में है. वहीं दूसरी तरफ बाकि बचे 3.50 लाख से अधिक वो छात्र, जो इस धांधली के शिकार हुए और अपने सालों की मेहनत पर बस पछता रहे हैं और सिस्टम को कोष रहे हैं. न्याय की प्रतीक्षा दोनों को है.
Also Read : घोटाला परीक्षा-दर-परीक्षा भाग-3: एसीएफ परीक्षा के खिलाफ भी सबूत कम नहीं, कोर्ट पर रहेगी छात्रों की नजर





