रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया है. उन्होंने इस दिन को गौरव, स्वाभिमान और संकल्प का दिन बताते हुए झारखंड के वीर पुरखों और अलग राज्य आंदोलन के नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन उन वीर पुरखों और शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन, हक-अधिकार और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, बाबा तिलका मांझी, वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो, वीर बुधू भगत, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी, पांडेय गणपत राय और टिकैत उमराव सिंह को नमन करते हुए कहा कि इन महान वीरों का संघर्ष झारखंड की पहचान, विरासत और प्रेरणा है.
हेमंत सोरेन ने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में योगदान देने वाले बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो, विनोद बिहारी महतो और असंख्य आंदोलनकारियों को भी याद किया. उन्होंने कहा कि उनका नेतृत्व, संघर्ष और योगदान झारखंड के इतिहास की अमूल्य धरोहर है. उनके संघर्षों ने हमें अपनी पहचान, अधिकार और स्वाभिमान के लिए लड़ना सिखाया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पुरखों ने जिस झारखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है. इसी संकल्प के साथ राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं, किसानों-मजदूरों के अधिकार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है.
उन्होंने युवाओं को झारखंड की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि युवाओं के सपने, उनकी प्रतिभा और नई सोच ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं. उन्हें बेहतर शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के अवसर देकर उनकी ऊर्जा और क्षमता को राज्य की शक्ति और समृद्धि में बदलना सरकार का लक्ष्य है.
मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर सभी से अपनी संस्कृति और पहचान को सहेजते हुए समृद्ध, सशक्त और न्यायपूर्ण झारखंड के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा, “हमारे पुरखों का संघर्ष हमारी विरासत है, हमारे युवाओं के सपने हमारी ताकत हैं और एक समृद्ध झारखंड हमारा संकल्प है.”





