Chatra : झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में उग्रवादियों ने कोल परियोजना क्षेत्र में बड़ी आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। मगध-आम्रपाली कोयलांचल की आम्रपाली कोल परियोजना में एनसीसी (NCC) कंपनी के एक वोल्वो हाइवा वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। यह घटना कुमरांग खुर्द चौपाल के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार 5 से 6 हथियारबंद नकाबपोश अपराधी सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचे। उन्होंने परियोजना क्षेत्र में खड़े हाइवा को रोका और चालक की कनपटी पर बंदूक सटाकर उसे नीचे उतार दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही देर में हाइवा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि इस घटना से एक सप्ताह पहले ही उग्रवादी संगठन टीएसपीसी ने कोयला कंपनियों को चेतावनी दी थी। संगठन की ओर से जारी बयान में लेवी को लेकर धमकी दी गई थी। इसके बावजूद उग्रवादी इस घटना को अंजाम देने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। कोल परियोजना में काम करने वाले अधिकारी और कर्मचारी डरे हुए हैं। कई कर्मचारी माइनिंग साइट पर जाने से बच रहे हैं।

हालांकि, चतरा पुलिस अभी इस घटना को उग्रवादी वारदात मानने से इनकार कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे इलाके को घेर लिया गया है और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जले हुए वाहन के मामले में जांच जारी है।
Also Read : दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौ’त, तीन घायल


