राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह कहते नजर आए कि अगर पाकिस्तान और अमेरिका के बीच युद्ध होता है, तो भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा. इस बयान के बाद उनकी खूब आलोचना हुई. विवाद बढ़ने पर मदन राठौड़ ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. उन्होंने दावा किया कि उनका बयान युद्ध को लेकर नहीं, बल्कि क्रिकेट मैच के संदर्भ में था.
वायरल वीडियो में मदन राठौड़ कहते सुनाई दे रहे हैं, “अगर पाकिस्तान और अमेरिका का युद्ध होता है, तो भारत पाकिस्तान के साथ है.” उनके इस बयान को लेकर सवाल उठने लगे. बयान सामने आने के बाद विवाद बढ़ा, जिसके बाद राठौड़ को मीडिया के सामने सफाई देनी पड़ी.
क्रिकेट मैच का हवाला देकर दी सफाई
मदन राठौड़ ने कहा कि वह मुस्लिम समाज के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. वहां भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच का मुद्दा उठा था. उन्होंने कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होता है और दुर्भाग्य से भारत मैच हार जाता है, तो उस समय देश में पटाखे फोड़कर जश्न मनाया जाता है. उन्होंने इसी संदर्भ में अपनी बात कही थी.

राठौड़ ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच होने की स्थिति अलग है. उनके मुताबिक, उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया और बयान के संदर्भ को समझे बिना उसे वायरल कर दिया गया.
कब और कहां दिया था बयान?
मदन राठौड़ का यह बयान 15 अक्टूबर को जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सामने आया था. यह कार्यक्रम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था. रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान राठौड़ मुस्लिम समाज के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने भारत के पाकिस्तान के साथ खड़े होने की बात कही. कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया.
विवाद बढ़ने के बाद 16 अक्टूबर को राठौड़ ने मीडिया के सामने अपनी सफाई दी. उन्होंने कहा कि उनकी बात को संदर्भ से अलग करके पेश किया गया है और वह क्रिकेट मैच के संदर्भ में बोल रहे थे.
पाकिस्तान से संबंधों पर भी रखी अपनी बात
मीडिया से बातचीत के दौरान मदन राठौड़ ने भारत और पाकिस्तान के संबंधों को लेकर कहा कि जब तक पाकिस्तान अपनी आदतों में सुधार नहीं करता, तब तक दोनों देशों के संबंध ठीक नहीं हो सकते.
जब उनसे पूछा गया कि भारत के अमेरिका के साथ अच्छे संबंध हैं, तो फिर पाकिस्तान के साथ खड़े होने की बात कैसे कही जा सकती है, इस पर राठौड़ ने कहा, “मुझसे सवाल मत पूछिए. मेरी बातों को मत बिगाड़िए.”
उन्होंने आगे कहा कि भारत का रुख स्पष्ट है और जो भारत का अहित करता है, भारत उसके साथ नहीं है.
Also Read : जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा पास अफसर नहीं जानते स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस में क्या है अंतर


