Latehar : लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र के सरनाडीह पुल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शनिवार शाम करीब सात बजे की है। बताया जा रहा है कि गांव में मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद युवक अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरनाडीह पुल के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सरनाडीह गांव निवासी आरदीप मुंडा (पिता जलसू मुंडा) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में रितेश किंडो (20 वर्ष), वीरेंद्र खेरवार (25 वर्ष) और अमरसहाय तिर्की (22 वर्ष) शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरदीप मुंडा अकेले बाइक चला रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को महुआडांड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर अमित खालको ने जांच के बाद आरदीप मुंडा को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं। महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Also Read : गणतंत्र दिवस पर IPS अनूप बिरथरे समेत 12 जाबांज अफसरों को मिलेगा बड़ा सम्मान, देखें पूरी सूची

