Ranchi : गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से झारखंड के 12 पुलिस अधिकारी और कर्मियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें उनकी उत्कृष्ट और सराहनीय सेवा के लिए दिया गया है। इस संबंध में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
इनमें डीएसपी संजय कुमार को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया है। उनकी लंबे समय से की गई ईमानदार और समर्पित सेवा को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है। विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। वहीं, आईपीएस अधिकारी अनूप बिरथरे और पटेल मयूर कन्हैयालाल सहित कुल 11 पुलिस अधिकारी और कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक दिया गया है। इन सभी अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई है।
गृह विभाग के अनुसार, इन अधिकारियों और कर्मियों का चयन उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और बेहतर कार्य प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। पुरस्कार का उद्देश्य पुलिस बल का मनोबल बढ़ाना और उन्हें और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना है। राज्य सरकार और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे झारखंड पुलिस के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी पुलिसकर्मी इसी तरह ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे। इस सम्मान से न केवल संबंधित अधिकारियों का हौसला बढ़ा है, बल्कि युवा पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है।


