Palamu : पलामू जिले में पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों को सहदेवा जंगल के पास सहदेवा–लेस्लीगंज मुख्य मार्ग पर दबोचा गया। गिरफ्तार युवकों के नाम रौशन कुमार और आदेश कुमार बताये गये। दोनों पलामू के रहने वाले हैं। इन लोगों के पास से पुलिस ने देशी कट्टा, जिंदा गोली, दोनों मोबाइल फोन और काले रंग की पल्सर बाइक जप्त की है। इस बात का खुलासा पाटन थानेदार शशि शेखर पांडेय ने मीडिया के सामने किया।
थानेदार शशि पांडेय ने मीडिया को बताया कि एसपी रिश्मा रमेशन के निर्देश पर इलाके में गाड़ियों का चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बीते शाम करीब 4:40 बजे काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आते हुए दिखे। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस की टीम ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से 315 बोर का एक देशी कट्टा और मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि दूसरे युवक के पास से एक जिंदा 8 एमएम की गोली और मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने दोनों लड़कों के पास से बरामद सामान और बाइक को जप्त कर लिया और दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दोनों बदमाशों को दबोचने में एसआई रंजीत कुमार सिंह, सिपाही शिवनाथ राम, उदीत राम, धनंजय राम और हेमंत कुमार रवि शामिल थे।
Also Read : जमशेदपुर में घर में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर राख

