रांची. भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची में मंगलवार 15 सितंबर को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 के आंतरिक चरण का आयोजन किया गया. इसमें संस्थान की 43 छात्र टीमों ने हिस्सा लिया. टीमों ने कृषि, स्वास्थ्य सेवा, स्मार्ट सिटी और शिक्षा से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए अपने तकनीकी प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए.
कार्यक्रम निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और संस्थान के समन्वयक एवं एसपीओसी डॉ. धीरन कुमार महतो के नेतृत्व में आयोजित किया गया. इसमें संस्थान की नवाचार परिषद और तकनीकी समुदाय हाउस ऑफ गीक्स ने सहयोग किया.
निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को नवाचार और तकनीकी कौशल के साथ वास्तविक जीवन की समस्याओं पर काम करने का अवसर देते हैं.
एआई, मशीन लर्निंग और लाइडार आधारित प्रोजेक्ट
प्रतिभागी टीमों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन समस्या की समझ, नवाचार, व्यवहार्यता, सामाजिक प्रभाव, प्रस्तुतीकरण और टीमवर्क के आधार पर किया गया. निर्णायक मंडल ने टीमों से बातचीत कर उनके प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया और जरूरी सुझाव भी दिए.
टेंसर टाइटन्स ने एआई और मशीन लर्निंग आधारित बुद्धिमान स्वचालित स्थान-निर्धारण प्रणाली, सूडो सिक्योर ने 2.5डी लाइडार आधारित गतिशील परिवेश बोध प्रणाली और क्यूबिट्स क्रू ने एआई आधारित स्मार्ट कृषि सहायक प्रणाली प्रस्तुत की.
आंतरिक चरण में चयनित टीमें अब अपने प्रोजेक्ट को और विकसित करेंगी. इनका लक्ष्य स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 के राष्ट्रीय चरण में IIIT रांची का प्रतिनिधित्व करना है.
Also Read : अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 2026 : 10 साल में बदली झारखंड की तस्वीर, 70.3% से बढ़कर 76.7% हुई साक्षरता दर

