Jamtara : गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को जामताड़ा में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने सेवा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रमों की शुरुआत मंत्री ने अपने आवास से की। इसके बाद इंदिरा चौक में झंडोत्तोलन किया। मौके पर उन्होंने वीर कुंवर सिंह, नेताजी सुभाषचंद्र बोस समेत एसबीआई परिसर में स्थापित महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा और सिद्धू-कान्हू मुर्मू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गांधी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में डॉ. अंसारी ने बतौर मुख्य अतिथि झंडा फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने देश, राज्य और जामताड़ा जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े विकास कार्यों तथा सरकार की आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।
दिनभर चले कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जूली मेडिकल, कांग्रेस कार्यालय, महिला कॉलेज, मुस्कान अस्पताल सहित कई स्थानों पर तिरंगा फहराया। सबीना अस्पताल में एक दिव्यांग व्यक्ति से झंडोत्तोलन कराकर उन्होंने सामाजिक समानता और संवेदनशील नेतृत्व का संदेश दिया। गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों का समापन नारायणपुर में आयोजित समारोह के साथ हुआ। विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : धर्मेंद्र के पद्म विभूषण सम्मान पर ईशा देओल ने किया भावुक पोस्ट… देखें क्या

