Jamtara : गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्टेशन चौक स्थित सार्वजनिक काली पूजा मंदिर ट्रस्ट की ओर से जिले के पत्रकारों के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में पत्रकारों की भूमिका को सम्मान देना और उनके योगदान को सराहना था। इस मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। उनके माध्यम से समाज की सच्चाई सामने आती है। कठिन परिस्थितियों और मौसम की मार झेलते हुए दिन-रात मेहनत करने वाले पत्रकारों के लिए कुछ सकारात्मक सोचना और उन्हें सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ ट्रस्ट कमेटी ने गणतंत्र दिवस पर पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया। समारोह में उपस्थित पत्रकारों को अंगवस्त्र, डायरी, कलम और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान देने वालों में ट्रस्ट के सदस्य संजय परशुरामका, प्रियंका सिंह, भूपेश गुप्ता, देवव्रत सरकार, निमाई राउत, दीपक दुबे सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
कार्यक्रम के संयोजक देवव्रत सरकार ने कहा कि सार्वजनिक काली पूजा मंदिर ट्रस्ट सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय रहा है। ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, गरीबों के लिए भोजन और वस्त्र वितरण, तथा बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सहयोग से न केवल इन कार्यों का प्रचार होता है, बल्कि समाज के लिए बेहतर सुझाव भी मिलते हैं, जिससे सामाजिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सकता है। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा हाल ही में आयोजित आप मैराथन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही जिले के उन खिलाड़ियों को भी सम्मान दिया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और उपस्थित पत्रकारों ने ट्रस्ट के इस पहल की सराहना की।
Also Read : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा में फहराया तिरंगा, सेवा व समरसता का दिया संदेश


