Chhatishgarh : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा हिल्स इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए कई IED धमाके किए। इन धमाकों में कुल 11 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत घटनास्थल से निकालकर हेलीकॉप्टर के जरिए इलाज के लिए रायपुर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से 10 जवान छत्तीसगढ़ पुलिस की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) यूनिट के हैं, जबकि एक जवान सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स की कोबरा यूनिट से है। घायल कोबरा यूनिट के अधिकारी की पहचान 210वीं बटालियन के सब इंस्पेक्टर रुद्रेश सिंह के रूप में हुई है।
बताया गया कि सब इंस्पेक्टर रुद्रेश सिंह और DRG के दो जवानों के पैरों में चोटें आई हैं, जबकि तीन जवानों की आंखों में छर्रे लगे हैं। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और रायपुर के एक अस्पताल में उनका इलाज जारी है। कर्रेगुट्टा हिल्स इलाका लंबे समय से नक्सल गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। पिछले साल नवंबर में सुरक्षाबलों ने उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला गांव में अपना कैंप स्थापित किया था। यह इलाका बड़े माओवादी कैडरों का सुरक्षित ठिकाना माना जाता रहा है।
Also Read : गुमला में डायन-बिसाही के आरोप में महिला की ह’त्या, पत्थर से कूच डाला सिर


