Ranchi : हजारीबाग जिले के मुकुंदगंज हरद रोड स्थित दीनबंधु बीएड कॉलेज के पास इन दिनों एक भव्य शादी समारोह चर्चा का विषय बना हुआ है। इस शादी को स्थानीय लोग ‘अंबानी लेवल’ का नाम दे रहे हैं। 16 अप्रैल से शादी की रस्में विधि-विधान के साथ शुरू हो चुकी हैं और आज रविवार को संगीत समारोह आयोजित किया जा रहा है। आज होने वाले संगीत कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा, अभिनेत्री वामिका गब्बी और भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह शामिल होंगे। ये सभी कलाकार समारोह में प्रस्तुति भी देंगे, जिससे कार्यक्रम और भी खास बनने वाला है।
10-12 एकड़ में बना भव्य पंडाल
शादी समारोह के लिए लगभग 10 से 12 एकड़ में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। करीब 1000 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन को खास बनाने के लिए पिछले 20-25 दिनों से तैयारियां चल रही थीं। बंगाल के कारीगरों ने पंडाल को आकर्षक रूप दिया है।
नेता और अन्य हस्तियों के आने की उम्मीद
इस शादी में फिल्मी सितारों के अलावा कई नेता और अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। इससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों को मिला रोजगार
शादी में स्थानीय कारीगरों और मजदूरों को काम देकर उन्हें रोजगार देने की कोशिश की गई है। कार्यक्रम के बाद कलाकारों को 20 अप्रैल तक रुकने का निमंत्रण भी दिया जाएगा।
दूल्हा-दुल्हन का परिचय
दूल्हा ऋषभ सिंह हजारीबाग के फॉरेस्ट कॉलोनी हुरहुरु के निवासी हैं। उन्होंने आईआईएम से एमबीए किया है और वर्तमान में कमांडो सिक्योरिटी इंडस्ट्रियल फोर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनके पिता नवल किशोर सिंह कंपनी के प्रोपराइटर हैं। वहीं, दुल्हन निधि उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं।
इलाके में चर्चा का विषय बनी शादी
इस भव्य आयोजन को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। शानदार सजावट, बड़े पैमाने पर इंतजाम और मशहूर हस्तियों की मौजूदगी के कारण यह शादी लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
Also Read : गढ़वा में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई, 61 ट्रैक्टर बालू जब्त


