Dhanbad : धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया जब अज्ञात अपराधियों ने एक व्यवसायी के घर के बाहर फायरिंग कर दी। विवेकानंद कॉलोनी निवासी व्यवसायी रौशन बर्णवाल को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने उनके घर के बाहर खड़ी ऑटो पर दो राउंड गोलियां चलाईं। गोली लगने से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बाल-बाल बचे लोग, इलाके में दहशत
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों में दुबक गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मौके से दो खोखा बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए। क्षतिग्रस्त ऑटो को भी जब्त कर थाने ले जाया गया।
पीड़ित परिवार ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित रौशन बर्णवाल के पिता ने चिरकुंडा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
मांगुर मछली कारोबार में वर्चस्व की आशंका
बताया जा रहा है कि यह मामला प्रतिबंधित मांगुर मछली के अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हो सकता है। इलाके में इस अवैध कारोबार को लेकर लंबे समय से तनाव की स्थिति बताई जा रही है।
राजनीतिक बयान के बाद बढ़ा तनाव
घटना से एक दिन पहले क्षेत्र के विधायक ने अवैध कारोबारों-मांगुर मछली, बालू, कोयला, लोहा और लॉटरी-को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद हुई यह फायरिंग कई सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुट गई है।
Also Read : 21 अप्रैल को 63 CDPO को मिलेगा नियुक्ति पत्र, समारोह में CM हेमंत सोरेन होंगे शामिल


