रांची/नई दिल्ली। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. उम्मीदवारों के चयन से लेकर चुनावी रणनीति तक की जिम्मेदारी तय करने के क्रम में पार्टी ने स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है. इस राजनीतिक कवायद में झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को मणिपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया है.
मणिपुर के लिए गठित तीन सदस्यीय कमेटी में बीएम संदीप को चेयरमैन बनाया गया है. वहीं, लोकसभा सांसद हिबी ईडन और राजेश ठाकुर को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. यह कमेटी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में भूमिका निभाएगी.
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 16 नवंबर को कमेटियों के गठन की घोषणा की. पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियां गठित की हैं. संबंधित राज्यों के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक दल के नेता और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी इन कमेटियों में पदेन सदस्य होंगे.
Also Read : घोटाला परीक्षा-दर-परीक्षा भाग 6: जेटेट की 18 साल बाद हुई परीक्षा, दलालों ने इसे भी नहीं छोड़ा



