Johar Live Desk : नए साल से पहले भारत के लिए एक बड़ी अच्छी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार की सालाना आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने जीडीपी के मामले में जापान को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही भारत अब दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में तीसरे पायदान पर पहुंच गया है, जबकि जापान चौथे स्थान पर चला गया है।
सरकार ने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था का आकार 4.18 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। इसके साथ ही भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और वर्ष 2030 तक जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025-26 की दूसरी तिमाही में भारत की वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 8.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। यह पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत और पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 7.4 प्रतिशत थी, यानी विकास की रफ्तार लगातार तेज हो रही है।
हालांकि, सरकार की इस घोषणा पर अंतिम पुष्टि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) करेगा। आईएमएफ की रिपोर्ट 2026 की पहली छमाही में आने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि बीते कुछ वर्षों से भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के अनुमान भी यही संकेत दे रहे हैं।
दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अभी अमेरिका है, जबकि चीन दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 2025-26 की दूसरी तिमाही में जीडीपी छह तिमाहियों के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। यह वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता के बावजूद भारत की मजबूत स्थिति को दिखाता है। कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और संस्थानों ने भी भारत की तेज विकास दर पर भरोसा जताया है।
वर्ल्ड बैंक ने 2026 में भारत की आर्थिक विकास दर 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। वहीं, मूडीज के अनुसार भारत 2026 में 6.4 प्रतिशत और 2027 में 6.5 प्रतिशत की ग्रोथ के साथ G20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने 2025 के लिए विकास दर 6.6 प्रतिशत और 2026 के लिए 6.2 प्रतिशत आंकी है। इसके अलावा, ओईसीडी ने 2025 में 6.7 प्रतिशत और 2026 में 6.2 प्रतिशत ग्रोथ का अनुमान जताया है।
Also Read : शीतलहर का कहर: झारखंड के कई जिलों में तापमान 5 डिग्री से नीचे


