गडकरी ने उद्योगपतियों को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के आसपास निवेश करने की सलाह दी

Joharlive Desk

नयी दिल्ली। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उद्योगपतियों को दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे के आसपास निवेश करने की सलाह देते हुए कहा है कि इससे उन्हें कम खर्च में ज्यादा लाभ होगा और सरकार भी सहयोग मिलेगा।

श्री गडकरी ने शुक्रवार को यहां उद्योगपतियाें के वैश्विक संगठन यंग प्रेजिडेंट आर्गेनाईजेशन-वाईपीओ के सदस्यों को वीडियो कांफ्रेंसिंग से सम्बोधित करते हुए कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे उनकी महत्वाकांक्षी योजना है। इसके निर्माण से देश की राजधानी दिल्ली तथा आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच सीधा संपर्क बढ़ेगा और दोनों महानगरों की दूरी सड़क मार्ग से 12 घंटे में तय की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे से आदिवासी इलाकों को जोड़ा गया है। इस सड़क मार्ग का निर्माण आदिवासी इलाकों से किया जा रहा है जहाँ सड़क के लिए ज़मीन सस्ती दर पर खरीदी गई और भूमि अधिग्रहण से ही सरकार के इस परियोजना से अब तक 16000 करोड़ रुपये बचाये गए है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली और मुंबई के साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण नगरों को जोड़ने वाले इस मार्ग के आसपास उद्योगपति कम लागत पर ज़मीन खरीद कर फैक्ट्रियां लगा सकते हैं। उद्योगों के मालिक इस मार्ग पर फक्ट्री लगाने से मुंबई या दिल्ली से सीधे जुड़ कर अपने कारोबार को और बढ़ा सकते है।
उन्होंने कहा कि सरकार इस मार्ग पर उद्योग लगाने वालों को ज़मीन आदि की खरीद करने में मदद भी करेगी। सबसे बड़ी बात यह है कि उद्योगों को फक्ट्री में काम करने के लिए सस्ती दर पर श्रमिक भी मिल जाएंगे।