आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, कोर्ट में एसीबी ने फाइल किया रिजॉइंडर

रांची। आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही है। रांची के एसीबी कोर्ट में एसीबी की ओर से गुरुवार को बंधु तिर्की के खिलाफ रिजॉइंडर फाइल किया गया है। मामले में ईडी की जांच शुरू किए जाने के बाद बंधु तिर्की की ओर से एसीबी कोर्ट में डिस्चार्ज पिटीशन दायर की गई थी, जिसका जवाब देते हुए एसीबी की ओर से रिजॉइंडर फाइल किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री बंधु तिर्की को आय से अधिक संपत्ति मामले में तीन साल की सजा मिलने के बाद ईडी ने जांच शुरू कर दी है। इस पर बंधु तिर्की ने खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए डिस्चार्ज पिटीशन अदालत में दायर किया था। इस पर एसीबी की ओर से रिजॉइंडर फाइल किया गया है, दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत अपना फैसला सुनाएगी। यह जानकारी विशेष लोक अभियोजक अशोक कुमार गुप्ता ने दी।

उन्होंने बताया कि 34 वें राष्ट्रीय खेल घोटाले में तत्कालीन खेल मंत्री बंधु तिर्की, राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष आरके आनंद, आयोजन समिति के सचिव एसएम हाशमी, तत्कालीन खेल निदेशक पीसी मिश्रा और कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक पर 2010 में एसीबी ने मामला दर्ज किया था। झारखंड में साल 2007 में राष्ट्रीय खेल का आयेाजन होना था। हालांकि तैयारी पूरी नहीं होने के कारण 34वें राष्ट्रीय खेल साल 2011 में झारखंड में आयोजित हुआ था। राष्ट्रीय खेल के आयेाजन के पहले खेल सामग्री की खरीद, खेल, ठेका देने में अनियमितता, निर्माण में गड़बड़ी के मामले सामने आए थे। आंकलन के मुताबिक 28.34 करोड़ से अधिक का नुकसान सरकार को हुआ था। एसीबी ने इस संबंध में2010 में एफआईआर दर्ज की थी।