Johar Live Desk : देश में कई फ्लाइट कैंसल होने के बाद रेलवे में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इसी वजह से भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए देश भर में 37 ट्रेनों में कुल 116 एक्स्ट्रा कोच जोड़ दिए हैं। इसके साथ ही 114 से ज्यादा अतिरिक्त ट्रिप भी चलाई जा रही हैं, ताकि यात्रियों को सीट आसानी से मिल सके। रेलवे मंत्रालय ने बताया कि इन कदमों से पूरे नेटवर्क में यात्रा और सीट उपलब्धता में सुधार होगा।
दक्षिणी रेलवे ने सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की है। यहां 18 ट्रेनों में एक्स्ट्रा चेयर कार और स्लीपर क्लास कोच लगाए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि 6 दिसंबर से लागू हुए बदलावों से दक्षिण भारत में यात्रा क्षमता काफी बढ़ गई है।
उत्तरी रेलवे ने आठ ट्रेनों में 3-एसी और चेयर कार कोच जोड़े हैं। मंत्रालय का कहना है कि इससे नॉर्दर्न कॉरिडोर में सीट की उपलब्धता बढ़ेगी। वहीं, पश्चिमी रेलवे ने भी चार व्यस्त ट्रेनों में 3-एसी और 2-एसी कोच लगाए हैं, ताकि पश्चिमी राज्यों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को आसानी हो सके।
पूर्व मध्य रेलवे ने 6 से 10 दिसंबर के बीच राजेंद्र नगर–नई दिल्ली ट्रेन में पांच ट्रिप के लिए अतिरिक्त 2-एसी कोच लगाए हैं, जिससे बिहार–दिल्ली सेक्टर में क्षमता बढ़ी है। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने भी भुवनेश्वर–नई दिल्ली रूट पर 2-एसी कोच जोड़कर ओडिशा और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर किया है।
पूर्वी रेलवे ने 7 और 8 दिसंबर को छह ट्रिप में स्लीपर कोच बढ़ाए हैं, जबकि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने 6 से 13 दिसंबर तक दो अहम ट्रेनों में 3-एसी और स्लीपर कोच जोड़े हैं, ताकि नॉर्थईस्ट में यात्रियों को बिना परेशानी सफर मिल सके।
रेलवे ने इसके अलावा चार स्पेशल ट्रेनें भी शुरू की हैं। इनमें गोरखपुर–आनंद विहार स्पेशल, नई दिल्ली–शहीद कैप्टन तुषार महाजन वंदे भारत स्पेशल, नई दिल्ली–मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट स्पेशल और हजरत निजामुद्दीन–तिरुवनंतपुरम सुपरफास्ट स्पेशल शामिल हैं। ये ट्रेनें 6 से 9 दिसंबर के बीच चलेंगी और ज्यादा मांग वाले रूट पर यात्रियों को राहत देंगी।

