Johar Live Desk : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा और निर्णायक वनडे मुकाबला आज यानी शनिवार को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। यह मैच दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा, जबकि टॉस एक बजे होगा। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है और दक्षिण अफ्रीका पहले ही टेस्ट सीरीज जीत चुका है, ऐसे में भारतीय टीम पर दबाव और बढ़ गया है। भारत की नजर इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करने और लगातार आलोचनाओं पर विराम लगाने पर होगी।
रोहित-कोहली से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद
भारतीय टीम का सबसे मजबूत स्तंभ इस समय रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं। दोनों खिलाड़ियों ने हाल के मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कोहली पिछली तीन पारियों में दो शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं, जबकि रोहित शर्मा ने चार पारियों में एक शतक और दो अर्धशतक बनाए हैं। निर्णायक मुकाबले में इन दोनों बल्लेबाजों के अनुभव पर टीम की जीत काफी हद तक निर्भर करेगी।
युवा बल्लेबाजों पर दबाव, जायसवाल पर नजर
पिछले मैच में ऋतुराज गायकवाड़ के शानदार शतक ने टीम को मजबूती दी थी, लेकिन यशस्वी जायसवाल अब तक लय में नहीं आ पाए हैं। लेफ्ट-आर्म तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनकी कमजोरी एक बार फिर उजागर हुई है। यदि इस मैच में भी उनका प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा, तो टीम गायकवाड़ को ओपनिंग में भेजने पर विचार कर सकती है।
पिच रिपोर्ट भारत के अनुकूल
विशाखापत्तनम की पिच बल्लेबाजों को मदद देने वाली मानी जाती है। भारत ने यहां खेले गए 10 वनडे मैचों में से 7 में जीत दर्ज की है। हालांकि पिछली बार यहां ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था। ओस का प्रभाव मैच को प्रभावित कर सकता है और टॉस जीतना बड़ी भूमिका निभाएगा। खास बात यह है कि भारत पिछले 20 वनडे टॉस नहीं जीत पाया है।
टीम संयोजन में बदलाव संभव
प्लेइंग इलेवन में एक-दो बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वॉशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा को मौका मिल सकता है। तिलक मिडिल ऑर्डर, स्पिन और फील्डिंग तीनों में विकल्प प्रदान करते हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप से शुरुआती सफलता की उम्मीद है, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा पर भी निगाहें रहेंगी।
दक्षिण अफ्रीका की तैयारी
दक्षिण अफ्रीका भी सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। हालांकि टीम नांद्रे बर्गर और टोनी डी जॉर्जी की फिटनेस को लेकर चिंतित है। दोनों दूसरे वनडे में चोटिल हो गए थे।
संभावित प्लेइंग-11
भारत : केएल राहुल (कप्तान/ विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
दक्षिण अफ्रीका : तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), मैथ्यू ब्रीट्जके, रेयान रिकेलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, एडेन मार्करम, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन।
Also Read : फ्लाइट कैंसल होने से बढ़ी भीड़, रेलवे ने 37 ट्रेनों में 116 एक्स्ट्रा कोच लगाए


