Pakur : पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल पांच बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बालिग आरोपियों के नाम अविनाश सोरेन, बबूटा सोरेन, अंसार टुडू, बबनु हेम्ब्रम और कार्तिक मुर्मू बताये गये। इन पांचों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, कानून के मुताबिक दो नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। दूसरी ओर, पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया है और उसकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
घर के पास से जबरन उठा ले गए थे आरोपी
पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह के अनुसार, यह दर्दनाक घटना शनिवार, 16 मई की रात करीब 8:30 बजे की है। महेशपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग को कुछ युवकों ने जबरन उठा लिया। इसके बाद सूनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। रविवार को पीड़िता के परिजन महेशपुर थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की जानकारी दी।
एसपी के निर्देश पर SIT का गठन, त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) ने तुरंत संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने शक के आधार पर पांच बालिग और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। पुलिसिया पूछताछ में सभी सात आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
जांच टीम में ये रहे शामिल
इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली एसआईटी (SIT) टीम में एसडीपीओ विजय कुमार के अलावा इंस्पेक्टर मदन कुमार शर्मा, एसआई अजय महतो, अजय कुमार उपाध्याय, मनोज कुमार महतो और श्रीचांद किस्कू मुख्य रूप से शामिल रहे।
Also Read : ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल चली गोली, सिपाही राजू तिर्की की मौ’त


