Ranchi : रांची का एक्वा वर्ल्ड यानी मछली घर में गर्मी की छुट्टियों के मौके पर बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए समर हॉलीडे स्पेशल कार्यक्रम श्रृंखला की शुरुआत हो गई है। इस विशेष श्रृंखला के तहत हर शुक्रवार, शनिवार और रविवार को अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। पहले रविवार को आयोजित “द ग्रेट इंडियन मूवी सीरीज” का पूरा कार्यक्रम हिंदी सिनेमा की मशहूर फिल्म ‘शोले’ को समर्पित रहा, जिसमें बच्चों और बड़ों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने जीता मन
कार्यक्रम में दीपांजलि ग्रुप के बच्चों ने फिल्म ‘शोले’ के लोकप्रिय गीतों पर रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किया। “यह दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे”, “महबूबा ओ महबूबा”, “जब तक है जान जाने जहां” जैसे गानों पर बच्चों ने शानदार डांस कर दर्शकों को खूब प्रभावित किया। नृत्य प्रस्तुत करने वाले बच्चों में नेवा, आद्या, पियुषा, स्वास्ति, राजवी, नव्यता, सिंहिका और आश्वी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

‘शोले’ के डायलॉग और क्विज ने बढ़ाया रोमांच
कार्यक्रम में ‘शोले’ फिल्म पर आधारित कई रोचक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। घोड़े पर बैठकर गब्बर सिंह के अंदाज में लोगों ने सेल्फी ली, जो आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा डायलॉग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने “तेरा क्या होगा कालिया” और “कितने आदमी थे” जैसे प्रसिद्ध संवादों को पूरे उत्साह के साथ प्रस्तुत किया। फिल्म पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।

हर सप्ताह मनोरंजन की अलग थीम
जानकारी के अनुसार, गर्मी की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए हर शुक्रवार को वसीम आलम के वैमस मॉडलिंग ग्रुप द्वारा मॉडलिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। शनिवार को विपुल नायक के दीपांजलि ग्रुप द्वारा डांस प्रतियोगिता और रविवार को फिल्म थीम आधारित कार्यक्रम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में एक्वा वर्ल्ड के चेयरपर्सन प्रतुल शाह देव, विपुल नायक, वसीम आलम, धीरज, सुमित, संतोष, डीजे सर (देवजीत नाहा), लोकेश कुमार, आनंद, जीतू सहित कई लोग उपस्थित रहे।

कूल मेज बना खास आकर्षण
एक्वा वर्ल्ड में लगाए गए झारखंड के पहले कूल मेज ने भी लोगों का ध्यान खींचा। पूरे गार्डन क्षेत्र में गर्मी के बीच हल्की पानी की फुहारों ने ठंडक का एहसास कराया। बच्चों और परिवारों ने इस अनोखे अनुभव का जमकर आनंद लिया।
Also Read : ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल चली गोली, सिपाही राजू तिर्की की मौ’त


