Johar Live Desk : आंध्र प्रदेश के यलमंचिली के पास बीती देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189) के दो कोचों में अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग यात्री की मौत हो गई, जबकि सभी अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन झारखंड के टाटा से केरल के एर्नाकुलम जा रही थी। विशाखापट्टनम के दुव्वाडा सेक्शन से गुजरते समय पैंट्री कार के पास स्थित बी-1 और एम-2 कोच में आग लग गई। आग लगते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन को तुरंत रोक दिया।

रेलवे और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा। दोनों कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए और यात्रियों का सारा सामान नष्ट हो गया। अनकापल्ली के एसपी तुहिन सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 12:45 बजे मिली थी। बी-1 कोच में 82 और एम-2 कोच में 76 यात्री सवार थे। सुबह करीब 3:30 बजे क्षतिग्रस्त कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित आगे भेजा गया।

इस हादसे में बी-1 कोच में सवार विशाखापट्टनम निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदर की मौत हो गई। वहीं, 157 यात्रियों को एपीएसआरटीसी की बसों से समरलाकोटा स्टेशन पहुंचाया गया, जहां से उन्हें दूसरी ट्रेन से रवाना करने की व्यवस्था की गई। आग लगने के कारणों की जांच के लिए फोरेंसिक टीमें काम कर रही हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच के बाद ही हादसे की असली वजह साफ हो पाएगी।
Also Read : जामताड़ा में लापरवाही पर SP ने की सख्त कार्रवाई, थानेदार समेत कई पुलिसकर्मी निलंबित


