Kolkata : पश्चिम बंगाल में शुक्रवार दोपहर अचानक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राजधानी कोलकाता और आसपास के इलाकों में जमीन हिलने से लोग घबरा गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई, जिससे कुछ सेकंड के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जैसे ही झटके महसूस हुए, लोग अपने घरों, ऑफिसों और दुकानों से बाहर निकल आए। ऊंची इमारतों में रहने वालों ने बताया कि पंखे, खिड़की-दरवाजे और फर्नीचर तक हिलने लगे थे।
दोपहर 1 बजकर 22 मिनट पर आया झटका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक भूकंप दोपहर करीब 1:22 बजे आया। खासकर साउथ कोलकाता और आसपास के इलाकों में झटके ज्यादा महसूस किए गए। हालांकि इस खबर के लिखे जाने तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान या हताहत की सूचना नहीं मिली थी।
बांग्लादेश के पास था केंद्र
बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के आसपास था। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (European-Mediterranean Seismological Centre) के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इसकी तीव्रता करीब 5.5 थी। केंद्र बांग्लादेश के खुलना से लगभग 26 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में बताया गया है। कुछ शुरुआती रिपोर्टों में तीव्रता 4.9 भी बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे अपडेट किया गया।
एक दिन पहले सिक्किम में भी कांपी थी धरती
इससे पहले पड़ोसी राज्य सिक्किम में भी कई झटके महसूस किए गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 4:10 बजे वहां 3.7 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई थी।
लोगों ने क्या महसूस किया?
कई इलाकों के लोगों ने बताया कि झटके कुछ सेकंड तक महसूस हुए, लेकिन इतने तेज थे कि घबराहट फैल गई। बहुमंजिला इमारतों में असर ज्यादा दिखा। बाजारों में खरीदारी कर रहे लोग भी तुरंत बाहर निकल आए। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
Also Read : विधानसभा में बाबूलाल की मांग: हर भूमिहीन आदिवासी को 7 डिसमिल जमीन आवंटित हो


