Gumla : गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। बरवे नगर की रहने वाली गुलशन खातून ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। इस मामले में चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
2025 में हुई थी शादी, लाखों का दहेज देने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, गुलशन खातून की शादी 23 फरवरी 2025 को आजाद बस्ती निवासी गुलाम मुस्लिम खान के साथ हुई थी। पीड़िता का कहना है कि शादी में मायके पक्ष की ओर से करीब 3 लाख रुपये नकद, डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और कई घरेलू सामान दिए गए थे।
तीन महीने बाद शुरू हुई अतिरिक्त दहेज की मांग
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के करीब तीन महीने बाद ही पति और सास द्वारा अतिरिक्त 5 लाख रुपये की मांग की जाने लगी। जब उसने असमर्थता जताई तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई।
मारपीट और तलाक की धमकी
गुलशन का कहना है कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और तलाक देने की धमकी देता था। ससुराल के अन्य लोग भी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
घर से निकाला, कई बार समझौते की कोशिश नाकाम
पीड़िता ने बताया कि 6 अगस्त 2025 को उसके साथ गंभीर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने मायके लौट गई। कई बार समझौते की कोशिश की गई, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे वापस रखने से इंकार कर दिया। यहां तक कि जनवरी 2026 में भी उसे घर में घुसने नहीं दिया गया।
सात लोगों को बनाया आरोपी, जांच शुरू
इस मामले में पति गुलाम मुस्लिम खान, सास अमीना बीबी, ससुर वकील खान समेत कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : सिमडेगा में सड़क निर्माण में सुस्ती पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, रोड जाम कर जताया विरोध

