Palamu : पलामू कोषागार में कथित गड़बड़ी के मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है। हाई लेवल जांच में अब तक किसी तरह की अनियमितता का ठोस सबूत नहीं मिला है। शुक्रवार को अपर समाहर्ता कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम ने सुबह से शाम तक कोषागार और पुलिस कार्यालय में गहन जांच की।
सात संदिग्ध खातों की हुई खास जांच
इस जांच में उन सात खातों पर खास फोकस किया गया, जिन पर पहले वित्त विभाग ने संदेह जताया था। बताया जा रहा है कि ये खाते शहीद और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से जुड़े हुए थे। टीम ने सभी खातों के लेन-देन और रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।
कहीं नहीं मिली गड़बड़ी या अतिरिक्त भुगतान
उपायुक्त समीरा एस ने साफ कहा कि जांच में किसी भी तरह का अतिरिक्त भुगतान या वित्तीय गड़बड़ी सामने नहीं आई है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की गई और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की गई।
हाई लेवल टीम में कई अधिकारी शामिल
जांच टीम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू, कोषागार पदाधिकारी सोमरा भगत, एसडीपीओ आलोक कुमार टूटी और एनडीसी नीरज कुमार समेत कई अधिकारी शामिल थे। सभी ने मिलकर पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की।
फिलहाल राहत, लेकिन निगरानी जारी
जांच के बाद फिलहाल सभी संदिग्ध खातों को क्लीनचिट दे दी गई है। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि आगे भी इस मामले की निगरानी जारी रहेगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को समय रहते रोका जा सके।
Also Read : शादी के तीन महीने बाद शुरू हुआ दहेज का जुल्म, पति समेत 7 पर केस दर्ज


