Ranchi : रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के बीच रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने डीजल चोरी के एक संगठित मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में एक रेलवे कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम शियो शंकर कुमार, सम्पी कुमार और अजय कुमार साहू बताये गये। यह मामला 27 मार्च 2026 को दर्ज किया गया था। पहले आरोपी अजय कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे न्यायालय के आदेश पर पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए, जिसके बाद पूरी साजिश सामने आ गई।
रेलवे कर्मचारी ही बेच रहा था डीजल
जांच के दौरान हटिया रेलवे यार्ड की वाशिंग लाइन नंबर-05 पर छापेमारी की गई। यहां रेलवे कर्मचारी शियो शंकर कुमार की भूमिका सामने आई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अवैध तरीके से रेलवे का 55 लीटर डीजल बेचा था। इसके लिए उसे 5 हजार रुपये फोनपे के जरिए मिले थे।
फ्यूल वाल्व से होती थी चोरी
आरोपी कर्मचारी ने बताया कि डीजल की निकासी हाई स्पीड डीजल फ्यूल वाल्व से की जाती थी। यह पूरा काम सुनियोजित तरीके से किया जा रहा था, जिससे लंबे समय से रेलवे को नुकसान पहुंच रहा था।
साइट इंजीनियर भी शामिल
मामले में एक और आरोपी सम्पी कुमार का नाम सामने आया, जो एक निजी कंपनी में साइट इंजीनियर है। वह इस पूरे लेन-देन में बिचौलिए की भूमिका निभा रहा था। उसने 100 रुपये फोनपे और 600 रुपये नकद लेने की बात कबूली।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
मामले में शामिल शियो शंकर कुमार और सम्पी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले अजय कुमार साहू को पकड़ा जा चुका था। तीनों के खिलाफ RP(UP) Act के तहत कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे संपत्ति की सुरक्षा पर सख्ती
RPF अधिकारियों ने कहा कि रेलवे संपत्ति की चोरी या दुरुपयोग के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read : लापुंग में लूट की साजिश नाकाम, आर्म्स सप्लायर समेत 5 को पुलिस ने दबोचा, हथियार बरामद


